उधारी के रुपये और ब्याज को लेकर युवक को गली में घसीटकर लाठी-डंडों से पीटा
बरेली के शाही थाना क्षेत्र में उधारी के रुपये और ब्याज को लेकर दबंगों ने युवक को बेरहमी से पीटा, मामला दर्ज।
➡️ उधारी के रुपये और ब्याज को लेकर युवक से मारपीट
➡️ गली में घसीटकर जमीन पर गिराया, लाठी-डंडों से पीटा
➡️ घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
➡️ सीसीटीवी और मोबाइल वीडियो में कैद हुई वारदात
➡️ पीड़ित की तहरीर पर तीन नामजद आरोपियों पर केस दर्ज
दीनानाथ कश्यप/ जन माध्यम
शाही, बरेली। थाना शाही क्षेत्र में रुपये के लेन-देन को लेकर दबंगई का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मोहल्ला ठाकुरद्वारा निवासी एक युवक को तय समय से पहले उधारी के रुपये और ब्याज मांगने को लेकर दबंगों ने गली में घसीटकर जमीन पर गिरा दिया और बेरहमी से पीट दिया। घटना शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे की बताई जा रही है। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है।
पीड़ित शरद कुमार शर्मा पुत्र स्वर्गीय सुशील कुमार शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने मोहल्ले के ही हर सेवक से 50 हजार रुपये उधार लिए थे, जिन्हें छह महीने में लौटाने का वादा किया गया था। शरद के अनुसार अभी तय समय पूरा नहीं हुआ था और दो महीने का वक्त बाकी था। दिसंबर माह में वह 10 हजार रुपये वापस कर चुके थे, जबकि 40 हजार रुपये बकाया थे।
आरोप है कि इसके बावजूद आरोपी लगातार दबाव बनाकर मूलधन के साथ ब्याज की भी मांग करने लगे और आए दिन उसे परेशान करने लगे। पीड़ित के अनुसार शुक्रवार को हर सेवक पुत्र शेर बहादुर, शिवकेश पुत्र शेर बहादुर और पिंकी पत्नी हर सेवक ने उसे गली में खींच लिया और जमीन पर गिराकर लाठी-डंडों व हाथों से बुरी तरह पीटा। इस दौरान आरोपियों ने गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बड़ी मुश्किल से पीड़ित को दबंगों के चंगुल से छुड़ाया। पीड़ित का दावा है कि मारपीट की पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है, वहीं किसी राहगीर ने मोबाइल से वीडियो भी बना लिया।
घटना के बाद घायल युवक ने थाना शाही पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। थाना प्रभारी राजेश कुमार बैंसला ने बताया कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।