बरेली: रोडवेज की दीवार गिरने से रिक्शा चालक घायल, पार्षद ने दी 400 मीटर लंबी दूसरी जर्जर दीवार गिरने की चेतावनी
बरेली में रोडवेज वर्कशॉप की दीवार गिरने से बड़ा हादसा हुआ। पार्षद छंगामल मौर्य ने अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए आज़ाद नगर की ओर जाने वाली एक और 400 मीटर लंबी जर्जर दीवार से खतरे की चेतावनी दी है।
सुबह 7 बजे रोडवेज वर्कशॉप की दीवार गिरने से रिक्शा चालक छोटेलाल का पैर 4 जगह से फैक्चर।
मलबे में दबकर एक वैगनआर कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त, बाल-बाल बचा ड्राइवर।
जन माध्यम डेस्क
बरेली। सिंधुनगर के पास कटरा चांद खां में बुधवार सुबह 7 बजे रोडवेज वर्कशॉप की जर्जर दीवार अचानक गिर गई। इसकी चपेट में आने से मौर्य मंदिर निवासी रिक्शा चालक छोटेलाल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके पैर में चार फैक्चर हुए हैं। हादसे में एक वैगनआर कार भी पूरी तरह चकनाचूर हो गई। स्थानीय पार्षद छंगामल मौर्य ने अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि रोडवेज की करीब 400 मीटर लंबी एक और दीवार, जो आज़ाद नगर की ओर जा रही है, वह भी बेहद जर्जर हालत में है और कभी भी गिर सकती है। पार्षद के अनुसार, बार-बार शिकायत के बाद भी रोडवेज के अधिकारी किसी बड़े हादसे का इंतज़ार कर रहे हैं। सूचना के बाद भी मौके पर कोई रोडवेज अधिकारी नहीं पहुँचा।