रिछा में स्कूल चलो रैली में उमड़ा उत्साह
बरेली के रिछा में स्कूल चलो अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय रैली निकाली गई बालिकाओं के नामांकन और शिक्षा के महत्व पर दिया गया जोर
ब्लॉक स्तरीय स्कूल चलो रैली का आयोजन
ब्लॉक प्रमुख ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बालिकाओं के नामांकन पर दिया गया जोर
शिक्षा को बताया भविष्य की मजबूत नींव
जन माध्यम
देवरनियां/रिछा। बरेली। जब बच्चे शिक्षा की राह पर कदम बढ़ाते हैं तो एक बेहतर समाज की तस्वीर खुद ब खुद बनने लगती है और हर घर में उम्मीद की रोशनी जगती है।
रिछा में स्कूल चलो अभियान के तहत ब्लॉक स्तरीय रैली का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों और शिक्षकों का उत्साह देखते ही बन रहा था। ब्लॉक संसाधन केंद्र रिछा पर आयोजित इस कार्यक्रम का संचालन खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार के निर्देशन में किया गया।
रैली को ब्लॉक प्रमुख स्नेहलता गंगवार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली ब्लॉक संसाधन केंद्र से शुरू होकर पूरे कस्बे में भ्रमण करते हुए प्राथमिक विद्यालय रिछा पर समाप्त हुई। इसमें ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने बढ़ चढ़कर भाग लिया और शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान आयोजित संगोष्ठी में ब्लॉक प्रमुख स्नेहलता गंगवार ने कहा कि प्राथमिक शिक्षा ही भावी पीढ़ी की मजबूत नींव होती है। उन्होंने बच्चों को नियमित विद्यालय आने के लिए प्रेरित किया और विशेष रूप से बालिकाओं के नामांकन बढ़ाने पर जोर दिया।
खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश कुमार ने सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए अभिभावकों और शिक्षकों से इस अभियान को व्यापक स्तर पर चलाने और अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर शिक्षकों और वक्ताओं ने बच्चों को रोचक उदाहरणों के माध्यम से शिक्षा के महत्व से अवगत कराया और उन्हें अपने भविष्य को संवारने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में योगेन्द्र कुमार, रिजवान अहमद, मोहम्मद आकिल, उवैस खान, आसीम, जुनैद, सायमा खान, मोहम्मद इमरान खान, अनुज गंगवार, अतीकुर्रहमान, अफसार अहमद, सुधीर राजपूत, वीरवती, नीता गंगवार, ममता, ज्योति, जेबा खान, शवनूर सिद्दीकी, शिव सिंह, ओम प्रकाश, साजिद सहित अनेक लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन पूर्व एआरपी बलवीर सिंह ने किया।
रिछा में स्कूल चलो अभियान रैली के जरिए शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का यह प्रयास सराहनीय माना जा रहा है।