न्याय की मांग ने लिया उग्र रूप, सड़कों पर उतरे वकील

महजबीन हत्याकांड में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने बरेली के कलेक्ट्रेट चौराहे पर उग्र प्रदर्शन किया। पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई और आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी गई।

न्याय की मांग ने लिया उग्र रूप, सड़कों पर उतरे वकील
HIGHLIGHTS:

➡️ महजबीन हत्याकांड में गिरफ्तारी न होने से आक्रोश
➡️ कलेक्ट्रेट चौराहे पर अधिवक्ताओं का उग्र प्रदर्शन
➡️ गोल घेरा बनाकर पुलिस के खिलाफ नारेबाजी
➡️ “पुलिस मुर्दाबाद” से गूंजा इलाका
➡️ रास्ता खाली कराने पर इंस्पेक्टर से नोकझोंक
➡️ गिरफ्तारी न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

जन माध्यम। बरेली।

महजबीन हत्याकांड में अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर फूट पड़ा। बड़ी संख्या में अधिवक्ताओं ने कलेक्ट्रेट चौराहे पर गोल घेरा बनाकर जोरदार प्रदर्शन किया और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने “पुलिस मुर्दाबाद” के नारे लगाए, जिससे चौराहे का माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसी बीच नगर निगम का एक ट्रैक्टर जंक्शन की ओर से नगर निगम कार्यालय की तरफ जा रहा था। जब कोतवाली इंस्पेक्टर ने प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं से रास्ता खाली करने को कहा, तो वकील भड़क गए और पुलिस से जमकर कहासुनी हो गई।

स्थिति बिगड़ती देख मौके पर मौजूद अन्य पुलिस अधिकारियों और वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने तत्काल हस्तक्षेप किया। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया, जिसके बाद ट्रैक्टर को वैकल्पिक मार्ग से निकाल दिया गया। कुछ देर तक कलेक्ट्रेट चौराहे पर तनाव की स्थिति बनी रही।

प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं ने साफ चेतावनी दी कि यदि जल्द ही महजबीन हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा और इसकी जिम्मेदारी पूरी तरह पुलिस प्रशासन की होगी।

वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच तेजी से चल रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानून के शिकंजे में लिया जाएगा।