एलटी ग्रेड परीक्षा शुरू
बरेली में सहायक अध्यापक एलटी ग्रेड प्रारंभिक परीक्षा 2025 शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हुई। 21 केंद्रों पर दो दिनों में 28,132 अभ्यर्थी परीक्षा दे रहे हैं।
➡️ बरेली में एलटी ग्रेड प्रारंभिक परीक्षा शुरू
➡️ जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर आयोजन
➡️ कुल 28,132 अभ्यर्थी ले रहे भाग
➡️ परीक्षा दो दिनों तक दो पालियों में
जनमाध्यम
बरेली। सहायक अध्यापक एलटी ग्रेड प्रारंभिक परीक्षा 2025 शनिवार से जिले में शांतिपूर्ण ढंग से शुरू हो गई। पहले दिन की पहली पाली की परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न हुई, जिससे प्रशासन ने भी राहत की सांस ली। दो दिनों तक चलने वाली इस परीक्षा में जिले के 21 परीक्षा केंद्रों पर कुल 28,132 अभ्यर्थी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
सुबह से ही परीक्षा केंद्रों के बाहर अभ्यर्थियों की लंबी कतारें और गहमागहमी देखने को मिली। शनिवार को पहली पाली में सुबह 9 से 11 बजे तक जनरल स्टडीज और सोशल साइंस की परीक्षा कराई गई। इस पाली में 9,792 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। अभ्यर्थियों का प्रवेश सुबह 7:30 बजे से शुरू हुआ, जबकि 8:15 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया गया। सख्त चेकिंग के बाद ही परीक्षार्थियों को परीक्षा कक्ष में जाने दिया गया। दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक 16 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की गई, जिसमें जनरल स्टडीज और बायोलॉजी विषय की परीक्षा के लिए 7,104 अभ्यर्थी शामिल हुए। रविवार को भी परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। सुबह 9 से 11 बजे तक 19 परीक्षा केंद्रों पर जनरल स्टडीज और अंग्रेजी की परीक्षा होगी, जिसमें 8,832 अभ्यर्थी बैठेंगे। वहीं शाम 3 से 5 बजे तक छह परीक्षा केंद्रों पर जनरल स्टडीज और फिजिकल एजुकेशन की परीक्षा आयोजित हुई, जिसमें 2,400 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं। बरेली इंटर कॉलेज, इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज, एफआर इस्लामिया, साहू गोपीनाथ इंटर कॉलेज, तिलक इंटर कॉलेज, मौलाना आजाद इंटर कॉलेज, बरेली कॉलेज समेत कई प्रमुख केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है।
परीक्षा की निष्पक्षता और सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। रेलवे प्रशासन ने भी बरेली, मुरादाबाद और शाहजहांपुर स्टेशनों पर विशेष निगरानी बढ़ा दी है। परीक्षा के दौरान केवल काली स्याही के बॉल प्वाइंट पेन की अनुमति है, जबकि इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। प्रशासन का दावा है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता और अनुशासन के साथ संपन्न कराई।