एलपीजी संकट पर सख्ती
बरेली एलपीजी संकट के बीच डीएम अविनाश सिंह ने पीएनजी कनेक्शन अभियान तेज किया, लोगों को सस्ती और निरंतर गैस आपूर्ति देने की पहल।
एलपीजी सप्लाई में लगातार आ रही दिक्कत
डीएम ने पीएनजी कनेक्शन अभियान तेज किया
नो एलपीजी जोन बनाने की तैयारी
लोगों को सस्ती और सुरक्षित गैस का विकल्प
जन माध्यम
बरेली। रसोई की आग जब बुझने लगे तो घरों की चिंता भी बढ़ जाती है। बरेली में इन दिनों एलपीजी सिलेंडर की किल्लत ने आम लोगों की परेशानी को गहरा कर दिया है, लेकिन अब प्रशासन ने इस संकट से निपटने के लिए ठोस कदम उठाया है।
पिछले कई दिनों से एलपीजी सप्लाई में लगातार आ रही दिक्कतों और त्योहारों के मौसम में बढ़ती मांग को देखते हुए जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए पाइप्ड नेचुरल गैस कनेक्शन को तेजी से बढ़ाने का निर्णय लिया है।
डीएम ने सीयूजीएल कंपनी के साथ मिलकर शहर की रिहायशी कॉलोनियों में पीएनजी कनेक्शन का विशेष अभियान शुरू कराया है। उनका कहना है कि इस पहल का उद्देश्य हर घर तक सुरक्षित, सस्ती और निरंतर गैस आपूर्ति पहुंचाना है, जिससे लोगों को एलपीजी संकट से राहत मिल सके।
योजना के तहत शहर की अधिक से अधिक कॉलोनियों को कवर किया जाएगा। प्रशासन कई इलाकों को नो एलपीजी जोन बनाने की तैयारी भी कर रहा है। इससे न केवल सिलेंडरों की कमी और कालाबाजारी पर रोक लगेगी, बल्कि पर्यावरण के लिहाज से भी यह एक बेहतर विकल्प साबित होगा।
इस अभियान को सफल बनाने के लिए सीयूजीएल कंपनी ने कई आकर्षक योजनाएं शुरू की हैं। इन योजनाओं के तहत लोगों को कम खर्च में आसानी से पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
जागरूकता बढ़ाने के लिए शहर में दो प्रचार वाहन भी लगाए गए हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर लोगों को पंपलेट के माध्यम से पीएनजी कनेक्शन के फायदे, योजनाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दे रहे हैं।
प्रशासन का मानना है कि यदि यह अभियान प्रभावी ढंग से लागू हुआ तो आने वाले समय में बरेली में गैस से जुड़ी समस्याएं काफी हद तक खत्म हो जाएंगी और लोगों को स्थायी राहत मिल सकेगी।