परिवार की तस्वीर बनेगी सुरक्षा कवच

बरेली में चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश की पहल पर अब लाइनमैन के आई कार्ड के पीछे परिवार की तस्वीर होगी। उद्देश्य है सुरक्षा मानकों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाना और कार्यस्थल दुर्घटनाओं में कमी लाना।

परिवार की तस्वीर बनेगी सुरक्षा कवच
HIGHLIGHTS:

➡️ लाइनमैन के आई कार्ड पर परिवार की तस्वीर होगी
➡️ सुरक्षा मानकों के पालन का भावनात्मक संदेश
➡️ चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश की मानवीय पहल

जन माध्यम

बरेली। ऊंचे बिजली के खंभों पर झूलती ज़िंदगियाँ अक्सर खबर नहीं बनतीं वे बस अपना कर्तव्य निभाती रहती हैं। तपती दोपहर हो या बरसात की काली रात, जब शहर अंधेरे से जूझता है, तब यही लाइनमैन रोशनी वापस लाते हैं। इन्हीं अनदेखे नायकों की सुरक्षा को दिल से जोड़ते हुए बिजली विभाग के चीफ इंजीनियर ज्ञान प्रकाश ने एक भावुक और मानवीय पहल की शुरुआत की है। अब हर लाइनमैन और विद्युत कर्मचारी को एक विशेष आई कार्ड दिया जाएगा।

इस आई कार्ड के आगे उसका नाम और पद होगा, लेकिन पीछे उसकी असली ताकत उसका परिवार। मुस्कुराते बच्चों की तस्वीर, जीवनसाथी की उम्मीद भरी आँखें, माता पिता का स्नेह ताकि जब भी वह खतरनाक विद्युत लाइनों पर चढ़ने से पहले इसे देखे, उसे याद रहे कि कोई उसका इंतज़ार कर रहा है। कार्ड पर एक सीधा, मगर दिल को छू लेने वाला संदेश अंकित है, आपका परिवार आपके घर आने की प्रतीक्षा कर रहा है। साथ ही स्पष्ट हिदायतें कार्य के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन करें, सेफ्टी बेल्ट, हेलमेट, दस्ताने और अन्य सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग करें।

यह केवल एक प्रशासनिक आदेश नहीं, बल्कि जीवन की कीमत समझाने वाला भावनात्मक संकल्प है। चीफ इंजीनियर का मानना है कि कई दुर्घटनाएँ लापरवाही के एक छोटे से पल में घटती हैं। अनुभव के भरोसे कई बार कर्मचारी सुरक्षा उपकरणों को नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन जब काम पर जाने से पहले परिवार की तस्वीर सामने होगी, तो हर कदम सोच समझकर उठेगा। हर लाइन चेक होगी, हर उपकरण परखी जाएगी क्योंकि अब यह केवल ड्यूटी नहीं, घर लौटने का वादा भी है।

यह पहल विभाग में नई ऊर्जा और नई संवेदनशीलता लेकर आई है। कर्मचारियों के बीच यह संदेश स्पष्ट है कि वे सिर्फ एक कर्मचारी नहीं, बल्कि किसी घर की उम्मीद, किसी बच्चे का सहारा, किसी माँ की दुआ हैं। रोशनी बाँटने वालों की अपनी जिंदगी भी रोशन रहे यही इस पहल का मूल भाव है। अगर यह एक भी जान बचा सके, तो यह आई कार्ड कागज़ का टुकड़ा नहीं, बल्कि जीवन का सुरक्षा कवच बन जाएगा।