घर में घुसकर बर्बर हमला, युवक ICU में
बरेली के हजियापुर में घर में घुसकर बर्बर मारपीट, युवक ICU में भर्ती। परिवार ने आरोपियों पर धमकी और दबाव बनाने का आरोप लगाया।
घर में घुसकर परिवार पर बर्बर हमला
जाकिब गंभीर घायल, ICU में जिंदगी से जंग
आरोपियों पर समझौते का दबाव और धमकी के आरोप
सीसीटीवी में कैद वारदात, पुलिस जांच जारी
सैय्यद शाहाबुद्दीन । जन माध्यम
बरेली। जिस घर की चौखट सुरक्षा देती है… अगर वहीं खून बहने लगे, तो डर सिर्फ एक परिवार का नहीं, पूरे समाज का बन जाता है।”
घर में घुसकर हमला, इलाके में दहशत
थाना बारादरी क्षेत्र के हजियापुर इलाके में घर में घुसकर की गई बर्बर मारपीट की घटना ने सनसनी फैला दी है। आरोप है कि कई लोगों ने मिलकर एक परिवार पर हमला कर दिया, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना कानून-व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करती है—क्या अब घर भी सुरक्षित नहीं रहे?
महिला का आरोप जबरन घुसकर की पिटाई
पीड़िता मुन्नी पत्नी छोटे ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 मार्च को अवरार, बिलाल, इमरान, सरताज और इस्तेयाक नाम के आरोपियों ने उनके घर में जबरन घुसकर हमला किया। उन्होंने पीड़िता और उसके बेटों के साथ बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान उनके पुत्र जाकिब को गंभीर चोटें आईं। सवाल यह है कि इतनी बड़ी वारदात के बावजूद आरोपियों का हौसला इतना बुलंद कैसे है?
जाकिब ICU में, हालत नाजुक
गंभीर रूप से घायल जाकिब को तुरंत सैटेलाइट स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां वह ICU में जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। परिजनों का कहना है कि उसकी हालत बेहद गंभीर है और वह बोलने की स्थिति में भी नहीं है। एक युवक की जिंदगी इस कदर दांव पर लग जाना, समाज के लिए चिंता का विषय है।
समझौते का दबाव, पुलिस पर उम्मीद
पीड़िता का आरोप है कि घटना के बाद आरोपी लगातार समझौते का दबाव बना रहे हैं और मना करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने बताया कि पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है। पीड़िता ने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। लेकिन बड़ा सवाल यही है—क्या इस बार न्याय समय पर मिलेगा या फिर पीड़ितों को लंबा इंतजार करना पड़ेगा?