टैम्पो चालकों से अवैध वसूली का आरोप

बरेली के सुभाषनगर क्षेत्र स्थित गन्नामिल स्टैंड पर टैम्पो चालकों ने अवैध वसूली और धमकी का आरोप लगाते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। कार्रवाई की मांग तेज।

टैम्पो चालकों से अवैध वसूली का आरोप
HIGHLIGHTS:

टैम्पो चालकों ने एसएसपी से लगाई गुहार
अवैध वसूली और धमकी का आरोप
पंद्रह दिनों से दबाव बनाने का दावा

जन माध्यम

बरेली। थाना सुभाषनगर क्षेत्र स्थित गन्नामिल स्टैंड पर टैम्पो चलाने वाले चालकों ने कथित अवैध वसूली और धमकियों से परेशान होकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायती प्रार्थना पत्र सौंपा है। चालकों का कहना है कि पिछले पंद्रह दिनों से कुछ लोग उन पर लगातार दबाव बना रहे हैं, जिससे उनका कामकाज ठप पड़ने की स्थिति में पहुंच गया है।

चालकों ने बताया कि वे गन्नामिल से सवारी लेकर देवचरा तक नियमित रूप से संचालन करते हैं। उनके पास वाहन संबंधी सभी वैध कागजात और अनुज्ञा पत्र उपलब्ध हैं। यातायात पुलिस द्वारा समय-समय पर जांच भी की जाती है और वे निर्धारित स्थान पर सुव्यवस्थित ढंग से वाहन खड़ा कर शांतिपूर्वक सवारी भरते हैं। कई चालक किराये पर टैम्पो लेकर अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं। उनका कहना है कि वे किसी प्रकार की अवैध वसूली में शामिल नहीं हैं और यही उनका एकमात्र आजीविका का साधन है।

आरोप है कि नेकपुर निवासी संजय सोनकर अपने कुछ साथियों के साथ स्टैंड पर आकर पैसों की मांग करता है। विरोध करने पर वह मीडिया बुलाने और टैम्पो न चलने देने की धमकी देता है। चालकों का दावा है कि संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध विभिन्न थानों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

चालकों ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि भय के माहौल में वे अपना वाहन नहीं चला पा रहे हैं, जिससे उनके परिवारों के सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने पूर्व में दी गई शिकायत का भी उल्लेख किया, जिस पर कार्रवाई हुई थी, किंतु अब फिर से परेशानी शुरू हो गई है।

फिलहाल स्थानीय पुलिस की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।