मुठभेड़ में ढेर हुआ दोहरे हत्याकांड का आरोपी

बरेली के इज्जतनगर क्षेत्र में दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। तीन टीमों की रणनीति और घेराबंदी के बाद आरोपी का अंत हुआ।

मुठभेड़ में ढेर हुआ दोहरे हत्याकांड का आरोपी
HIGHLIGHTS:

दोहरे हत्याकांड का मुख्य आरोपी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया

एसएसपी के नेतृत्व में तीन टीमों ने की घेराबंदी

सहारा ग्राउंड के पास हुई फायरिंग में आरोपी ढेर

पंचायत हत्याकांड के बाद से फरार चल रहा था आरोपी

जन माध्यम 
बरेली।
इज्जतनगर थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी का मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया। एसएसपी अनुराग आर्य के कुशल नेतृत्व और सटीक रणनीति का ही परिणाम रहा कि कानून से भाग रहा यह खूंखार आरोपी आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया।

घटना के बाद से ही एसएसपी अनुराग आर्य ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल एक्शन मोड अपनाया। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्हें अलग अलग क्षेत्रों में दबिश और निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई। पुलिस की यह सुनियोजित रणनीति लगातार दबाव बना रही थी, जिससे आरोपी के बच निकलने के सभी रास्ते लगभग बंद हो चुके थे।

मंगलवार सुबह मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने सहारा ग्राउंड के पास घेराबंदी की। खुद को चारों ओर से घिरा देख आरोपी ने बौखलाकर पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। लेकिन पहले से सतर्क और प्रशिक्षित पुलिस टीम ने संयम और साहस का परिचय देते हुए आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। इस मुठभेड़ में आरोपी को गोली लगी और उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गौरतलब है कि यह वही आरोपी था जिसने इज्जतनगर क्षेत्र के रहपुरा चौधरी गांव में पारिवारिक विवाद के दौरान खौफनाक वारदात को अंजाम दिया था। पंचायत के बीच उसने अपनी पत्नी, सास और साले पर चाकू से हमला कर दिया था। इस निर्मम हमले में सास और साले की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई थी और अभी भी उसका इलाज चल रहा है।

इस जघन्य घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया था, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से लोगों में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल बन गया था। ऐसे में पुलिस पर आरोपी को जल्द पकड़ने का जबरदस्त दबाव था, जिसे एसएसपी अनुराग आर्य के नेतृत्व में पुलिस ने बखूबी निभाया।

परिजनों के अनुसार आरोपी लंबे समय से शराब के नशे में घरेलू हिंसा करता था और पिछले कई वर्षों से परिवार को प्रताड़ित कर रहा था। घटना से एक दिन पहले भी उसने हमला किया था, लेकिन फरार हो गया था। सोमवार को पंचायत के दौरान उसने खूनी खेल खेला और दो जिंदगियां खत्म कर दीं। एसएसपी अनुराग आर्य के निर्देश पर चली इस सख्त कार्रवाई ने यह साफ संदेश दे दिया है कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। अपराधी चाहे कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की नजरों से बच पाना अब नामुमकिन है। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में रखा गया है। इस पूरे ऑपरेशन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि मजबूत नेतृत्व, त्वरित निर्णय और सटीक रणनीति से ही अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।