ईद से पहले प्रशासन अलर्ट, ईदगाहों का निरीक्षण

बरेली के शाही और दुनका क्षेत्र में ईद से पहले प्रशासन ने ईदगाहों का निरीक्षण किया। सुरक्षा, ट्रैफिक और सुविधाओं को लेकर सख्त निर्देश।

ईद से पहले प्रशासन अलर्ट, ईदगाहों का निरीक्षण
HIGHLIGHTS:

ईद से पहले प्रशासन ने ईदगाहों का किया निरीक्षण

नमाजियों की सुविधाओं और साफ-सफाई पर खास ध्यान

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, खुराफाती तत्वों पर नजर

ट्रैफिक प्लान लागू करने के दिए गए निर्देश

दीनानाथ कश्यप । जन माध्यम

बरेली। त्योहार खुशियों का होता है लेकिन उन खुशियों के पीछे एक जिम्मेदारी भी होती है सुरक्षा, व्यवस्था और आपसी भरोसे की।

ईद को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क

आगामी ईद पर्व को शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है। गुरुवार को उपजिलाधिकारी आलोक कुमार और क्षेत्राधिकारी मीरगंज अजय कुमार ने शाही और दुनका क्षेत्र के सभी ईदगाहों का सघन निरीक्षण कर तैयारियों की हकीकत परखी। साफ संदेश था त्योहार में कोई लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

नमाजियों की सुविधाओं पर खास फोकस

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने ईदगाहों में बैठने की व्यवस्था, छाया, पेयजल, शौचालय और वजू की सुविधाओं को बारीकी से जांचा। साफ-सफाई को लेकर भी सख्त निर्देश दिए गए। नमाज के समय होने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास मार्गों को सुचारु बनाए रखने पर जोर दिया गया। सवाल यह है कि क्या हर साल की तरह इस बार भी आखिरी समय पर व्यवस्थाएं अधूरी तो नहीं रह जाएंगी?

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी, खुराफाती तत्वों पर नजर

सीओ अजय कुमार ने थाना शाही पुलिस को स्पष्ट निर्देश दिए कि ईदगाहों में विशेष सतर्कता बरती जाए। संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और लगातार गश्त करने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि किसी भी खुराफाती तत्व को बख्शा नहीं जाएगा। यह सख्ती जरूरी भी है, ताकि त्योहार का माहौल खराब न हो।

ट्रैफिक प्लान और भाईचारे की अपील

उपजिलाधिकारी आलोक कुमार ने ईदगाहों के आसपास विशेष ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को आने-जाने में परेशानी न हो। साथ ही उन्होंने नागरिकों से अपील की कि ईद का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। लेकिन बड़ा सवाल यही है—क्या प्रशासन की तैयारियां जमीनी स्तर पर पूरी तरह लागू हो पाएंगी?