डीएम सख्त, डिजिटाइजेशन में लापरवाही पर कार्रवाई

बरेली डीएम अविनाश सिंह ने मतदाता सूची डिजिटाइजेशन की बूथवार समीक्षा की। कम प्रगति वाले बीएलओ-सुपरवाइज़र पर कार्रवाई, शिक्षा मित्रों की लापरवाही पर फटकार। रोज़ 100 फॉर्म फीडिंग जरूरी।

डीएम सख्त, डिजिटाइजेशन में लापरवाही पर कार्रवाई
HIGHLIGHTS:

➡️ डीएम अविनाश सिंह ने बूथवार डिजिटाइजेशन की कड़ी समीक्षा की
➡️ कम प्रगति वाले बीएलओ-सुपरवाइज़र पर तुरंत कार्रवाई के आदेश
➡️ शिक्षा मित्र बीएलओ की लापरवाही पर भारी नाराज़गी
➡️ रोज़ कम से कम 100 फॉर्म फीडिंग अनिवार्य
➡️ वरिष्ठ अधिकारी खुद फील्ड में जाकर निरीक्षण करें
➡️ एसआईआर कार्य में ढिलाई बर्दाश्त नहीं - डीएम
➡️ समयसीमा में 100% लक्ष्य पूरा करना जरूरी

बी.एल.ओ.-सुपरवाइज़र के काम की बूथवार समीक्षा, रोज़ सौ फ़ॉर्म फीड का निर्देश

जन माध्यम 
बरेली।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश सिंह ने कलेक्ट्रेट सभागार में विधानसभा क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष सघन पुनरीक्षण की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में 118-बहेड़ी, 121-नवाबगंज, 122-फरीदपुर और 126-आंवला विधानसभा क्षेत्रों में नियुक्त सहायक निर्वाचक रजिस्टीकरण अधिकारी एईआरओ, सुपरवाइज़र और बीएलओ से ई-फॉर्म डिजिटाइजेशन की बूथवार प्रगति पर विस्तार से जानकारी ली गई। डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जिन बीएलओ व सुपरवाइज़रों का डिजिटाइजेशन प्रतिशत अत्यंत कम है, उन पर तत्काल कठोर कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि काम में लापरवाही या ढिलाई किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि एसआईआर कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखते हुए प्रतिदिन कम से कम 100 फॉर्म फीड किए जाएँ, जिससे निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा हो सके। डीएम ने यह भी निर्देश दिया कि वरिष्ठ अधिकारी स्वयं क्षेत्र में जाकर निरीक्षण करें ताकि टीम में सक्रियता और जिम्मेदारी दोनों बढ़े।समीक्षा के दौरान कुछ एईआरओ और सुपरवाइज़र ने बताया कि कई स्थानों पर शिक्षा मित्रों को बीएलओ बनाया गया है, लेकिन वे अपने कर्तव्यों में गंभीर लापरवाही बरत रहे हैं। इस पर डीएम ने कड़ी नाराज़गी व्यक्त करते हुए ऐसे बीएलओ के विरुद्ध त्वरित कार्यवाही के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत संवेदनशील और समयबद्ध हैं, ऐसे में किसी भी प्रकार की शिथिलता चुनावी तैयारी को प्रभावित कर सकती है। सभी कर्मचारी बूथवार लक्ष्य पूरा करें और प्रगति रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, अपर जिलाधिकारी संतोष सिंह,अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह सहित सभी संबंधित एईआरओ, सुपरवाइज़र और बीएलओ उपस्थित रहे।