ट्रेन टाइमिंग में बदलाव का संकेत

रूट विस्तार प्रस्ताव के चलते इंटरसिटी और आला हजरत एक्सप्रेस की टाइमिंग बदलने की संभावना, बरेली-दिल्ली यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह।

ट्रेन टाइमिंग में बदलाव का संकेत
HIGHLIGHTS:

➡️ बरेली-दिल्ली ट्रेनों की टाइमिंग बदलने की संभावना
➡️ इंटरसिटी और आला हजरत एक्सप्रेस पर असर
➡️ प्रस्तावित रूट विस्तार को सैद्धांतिक मंजूरी
➡️ नई समय सारिणी अभी नहीं हुई जारी
➡️ नौकरीपेशा और व्यापारियों की पसंदीदा ट्रेनें
➡️ रेलवे ने यात्रियों को सतर्क रहने की दी सलाह

जन माध्यम 
बरेली।
बरेली से दिल्ली जाने वाले हजारों यात्रियों के लिए अहम खबर है। संभावित रूट विस्तार के चलते इंटरसिटी एक्सप्रेस और आला हजरत एक्सप्रेस की समय सारिणी में बदलाव की संभावना जताई जा रही है। हालांकि रेलवे प्रशासन का कहना है कि फिलहाल नई समय सारिणी प्राप्त नहीं हुई है, इसलिए यह स्पष्ट नहीं है कि बरेली से इन ट्रेनों के प्रस्थान समय में कोई परिवर्तन होगा या नहीं। बावजूद इसके, यात्रियों को आगामी दिनों में सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।

वर्तमान समय सारिणी के अनुसार इंटरसिटी एक्सप्रेस सुबह 10:20 बजे नई दिल्ली पहुंचती है, जबकि आला हजरत एक्सप्रेस पूर्वाह्न 11:35 बजे पुरानी दिल्ली जंक्शन पर पहुंचती है। इन दोनों ट्रेनों का समय ऐसा है कि बरेली से सुबह रवाना होकर यात्री दिल्ली में दिनभर अपने काम निपटा सकते हैं और शाम या रात की ट्रेन से वापस लौट आते हैं। यही कारण है कि नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और विद्यार्थियों के बीच इन ट्रेनों की लोकप्रियता बनी हुई है।
रेलवे द्वारा प्रस्तावित रूट विस्तार के तहत आला हजरत एक्सप्रेस को लखनऊ से लखीमपुर मैलानी इज्जतनगर बरेली जंक्शन के रास्ते संचालित करने की तैयारी है। वहीं इंटरसिटी एक्सप्रेस को कासगंज, बदायूं और बरेली होते हुए दिल्ली की ओर ले जाने का प्रस्ताव है। इन रूट परिवर्तनों को सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन नई समय सारिणी को लेकर अभी अंतिम स्वीकृति बाकी है। रेलवे सूत्रों के अनुसार रूट विस्तार के चलते दोनों ट्रेनों की टाइमिंग में बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

हालांकि प्रशासन की कोशिश है कि बरेली से प्रस्थान समय में कोई बड़ा बदलाव न किया जाए, ताकि यात्रियों को असुविधा न हो। मुरादाबाद मंडल के सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि नई समय सारिणी अभी स्वीकृत नहीं हुई है।जैसे ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा, यात्रियों को समय रहते सूचित कर दिया जाएगा।