सीएम डैशबोर्ड पर सख्ती
बरेली में डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक हुई। विकास योजनाओं की प्रगति तेज़ करने, छात्रवृत्ति पेंडेंसी और जननी सुरक्षा योजना में देरी पर सख्त निर्देश दिए गए।
➡️ सीएम डैशबोर्ड की प्रगति पर समीक्षा बैठक
➡️ सप्ताह में एक बार समीक्षा अनिवार्य
➡️ लापरवाही और ढिलाई पर सख्ती
➡️ छात्रवृत्ति पेंडेंसी जल्द निस्तारण के निर्देश
➡️ जननी सुरक्षा योजना भुगतान में सुधार पर जोर
➡️ विकास योजनाओं को समय से पूरा करने का आदेश
➡️ सभी विभागों को समन्वय से कार्य करने के निर्देश
जन माध्यम। बरेली।
जिले में विकास योजनाओं की प्रगति को गति देने और शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के उद्देश्य से डीएम अविनाश सिंह की अध्यक्षता में विकास विभाग से संबंधित सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की बारीकी से समीक्षा करते हुए लंबित मामलों पर स्पष्ट दिशा निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सीएम डैशबोर्ड पर दर्ज विकास विभाग से जुड़े सभी मानकों की सप्ताह में कम से कम एक बार समीक्षा बैठक अनिवार्य रूप से की जाए। साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रगति की निरंतर निगरानी की जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही या ढिलाई की स्थिति उत्पन्न न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन की योजनाओं का लाभ समय से पात्र लोगों तक पहुँचना प्रशासन की सर्वोच्च जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान समाज कल्याण अधिकारी को निर्देश दिए गए कि पूर्वदशम और दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनाओं में जो भी लंबित प्रकरण हैं, उन्हें निर्धारित समय सीमा के भीतर शत प्रतिशत पूर्ण कराया जाए। डीएम ने कहा कि छात्रवृत्ति से जुड़ी देरी सीधे तौर पर विद्यार्थियों के भविष्य को प्रभावित करती है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की उदासीनता स्वीकार्य नहीं होगी। वहीं मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश देते हुए डीएम ने कहा कि जननी सुरक्षा योजना के अंतर्गत लाभार्थियों को भुगतान मिलने में आ रही समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी योजनाओं में विलंब गंभीर विषय है और इसमें तत्काल सुधार आवश्यक है।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी देवयानी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विश्राम सिंह, जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार, जिला पंचायती राज अधिकारी कमल किशोर, उपायुक्त उद्योग विकास यादव, डीसी मनरेगा हबीब अंसारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सीएम डैशबोर्ड पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।