बरेली में घर में घुसकर युवक पर जानलेवा हमला, अधमरी हालत में मिला
बरेली के बारादरी क्षेत्र में युवक पर घर में घुसकर जानलेवा हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप
घर में घुसकर युवक पर दबंगों का हमला
लोहे की रॉड और डंडों से बेरहमी से पिटाई
अधमरी हालत में मिला युवक, अस्पताल में भर्ती
परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाया
जन माध्यम
बरेली। बरेली के बारादरी क्षेत्र में एक युवक पर हुए जानलेवा हमले ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दबंगों के हौसले इतने बुलंद नजर आ रहे हैं कि मानो उन्हें पुलिस का कोई खौफ नहीं रहा। थाना बारादरी के बुखारपुरा इलाके में 32 वर्षीय आशु शेख पर दबंगों ने घर में घुसकर हमला किया और उसे अधमरी हालत में
थाना बारादरी क्षेत्र के बुखारपुरा इलाके में 32 वर्षीय आशु शेख पर दबंगों द्वारा किए गए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने न सिर्फ घर में घुसकर हमला किया, बल्कि उसे अधमरा छोड़कर फरार हो गए।
परिवार के मुताबिक घटना वाले दिन आशु के दोस्तों के जाने के बाद महेश, सोनू और उनके साथ 10 से 12 लोग हथियारों के साथ उसके घर पहुंचे। हमलावरों के हाथों में डंडे और लोहे की रॉड देखकर आशु ने खुद को बचाने के लिए घर के दरवाजे बंद कर लिए, लेकिन दबंगों ने पहले दरवाजे तोड़ने की कोशिश की और असफल होने पर पड़ोसी के घर से रास्ता बनाकर अंदर घुस गए।
आरोप है कि हमलावरों ने कमरे के दरवाजे तोड़कर आशु को बाहर घसीटा और लोहे की रॉड और डंडों से तब तक पीटा, जब तक वह अधमरा नहीं हो गया। परिजनों का कहना है कि इस पूरी घटना के सबूत आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस जांच कर सकती है।
घटना की जानकारी मिलने पर जब परिजन मौके पर पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि पुलिस आशु को ले गई है, लेकिन पुलिस चौकी और थाने में तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। अगले दिन सुबह आशु अधमरी हालत में रूहूटोला कब्रिस्तान के पास मिला, जिसके बाद उसे तुरंत नारायण अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉक्टरों के अनुसार आशु की हालत बेहद गंभीर है। ऑपरेशन के दौरान उसकी आंत फटने की पुष्टि हुई है, जिससे साफ है कि उसे लोहे की रॉड से बुरी तरह मारा गया। फिलहाल वह जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद थाना बारादरी में तहरीर देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। उनका कहना है कि न तो आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है और न ही मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
पीड़ित परिवार ने यह भी आरोप लगाया कि हमलावर घर में तोड़फोड़ कर सामान भी ले गए और आशु का मोबाइल फोन भी गायब है। परिवार ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि उन्हें न्याय मिल सके।
यह घटना न सिर्फ एक परिवार की पीड़ा को बयां करती है, बल्कि कानून व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े करती है। इस घटना ने बरेली के बारादरी क्षेत्र में बढ़ते अपराध की एक चिंताजनक तस्वीर पेश की है। पीड़ित परिवार न्याय ये उम्मीद लगाए बैठा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहा है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस मामले में कब तक सख्त कदम उठाता है और पीड़ित परिवार को इंसाफ दिलाता है।