एएनए कट पर एनएचएआई की कार्रवाई, हादसों पर लगेगा अंकुश
फतेहगंज पश्चिमी में नेशनल हाईवे पर बने एएनए कट पर वाहनों को गलत दिशा में जाने से रोकने के लिए एनएचएआई ने किया अस्थायी समाधान।
फतेहगंज पश्चिमी में नेशनल हाईवे 530 स्थित एएनए कट पर सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त।
वाहनों द्वारा गलत दिशा में डिवाइडर पर चढ़कर रास्ता पार करने की गंभीर समस्या का हुआ समाधान।
जागरूक नागरिकों द्वारा पीएमओ और एनएचएआई से की गई लगातार शिकायतों के बाद उठाया गया कदम।
जुलाई से इसी रोड को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन करने और 4 फ्लाईओवर बनाने का कार्य होगा शुरू।
जन माध्यम
बरेली। फतेहगंज पश्चिमी में नेशनल हाईवे 530 पर स्थित एएनए कट के पास लंबे समय से बनी आ रही सड़क दुर्घटनाओं की गंभीर समस्या पर आखिरकार प्रशासन ने ध्यान दिया है। यातायात नियमों का उल्लंघन कर कुछ वाहन चालकों द्वारा गलत दिशा से वाहनों को डिवाइडर पर चढ़ाकर निकालने की प्रवृत्ति के चलते यह स्थल एक बड़ा दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र बन चुका था। स्थानीय नागरिकों की जागरूकता के बाद अब राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस जोखिम को टालने के लिए धरातल पर काम शुरू कर दिया है।
इस खतरनाक कट को लेकर पूर्व में छात्र असद अंसारी द्वारा प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) को एक ऑनलाइन शिकायत प्रेषित की गई थी, जिसके बाद प्रारंभिक तौर पर एनएचएआई ने इस कट को बंद करने का प्रयास किया था। इसके बावजूद कई वाहन चालक नियमों को ताक पर रखकर साइड से अवैध रूप से गाड़ियाँ निकालते रहे, जिससे सड़क सुरक्षा का खतरा यथावत बना रहा। इस गंभीर मुद्दे को लेकर व्यापारी सचिन चौहान और छात्र असद अंसारी ने एकजुट होकर राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण को पुनः शिकायत भेजकर पूरे मामले को उजागर किया।
लगातार मिली इन गंभीर शिकायतों का संज्ञान लेते हुए हाईवे प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई की है। गलत दिशा में डिवाइडर पर चढ़ने वाले वाहनों के पहियों को रोकने के लिए मौके पर आवश्यक खुदाई और बैरिकेडिंग का अस्थायी प्रबंध कर दिया गया है। इस व्यवस्था के लागू होने से क्षेत्र में आए दिन होने वाले भीषण सड़क हादसों पर काफी हद तक अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।
जुलाई माह से शुरू होगा सड़क चौड़ीकरण का महाअभियान
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, वर्तमान में किया गया यह सुरक्षा कार्य एक अस्थायी समाधान है। ऐसा इसलिए है क्योंकि जुलाई से इस पूरे मार्ग को 4 लेन से बढ़ाकर 6 लेन (सिक्स लेन) में परिवर्तित करने की विस्तृत योजना स्वीकृत हो चुकी है। इसके साथ ही इस पूरे नेशनल हाईवे पर यातायात सुगम करने के उद्देश्य से 4 नए ओवरब्रिज (फ्लाईओवर) का निर्माण भी किया जाना है। इस वृहद परियोजना के लिए निविदा (टेंडर) डालने की अंतिम तिथि 3 जुलाई निर्धारित है, जिसके तत्काल पश्चात पूरे क्षेत्र में भारी निर्माण कार्य गति पकड़ेगा और यातायात को स्थायी रूप से सुरक्षित रूप दे दिया जाएगा।