पंद्रह दिन का सफाई अभियान शुरू 

डीएम ने शहर में 15 दिवसीय सफाई अभियान का निर्देश दिया, सभी विभागों को मिलकर सड़क, जलभराव और तारों की अव्यवस्था दूर करने के आदेश।

पंद्रह दिन का सफाई अभियान शुरू 
HIGHLIGHTS:

➡️ 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान शुरू
➡️ सड़क–डिवाइडर की अव्यवस्था पर सख्त निगरानी
➡️ जलभराव और लटकते तारों पर त्वरित कार्रवाई
➡️ फुटपाथ बहाली व स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती के निर्देश
➡️ सभी विभागों की संयुक्त जिम्मेदारी तय

डीएम ने दिए निर्देश सभी विभाग मिलकर करें समन्वित कार्रवाई

जन माध्यम 
बरेली।
डीएम अविनाश सिंह ने शहर को स्वच्छ, व्यवस्थित और आकर्षक बनाने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए सभी संबंधित विभागों को 15 दिवसीय विशेष सफाई अभियान संचालित करने के स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी शहर की छवि उसकी स्वच्छता से तय होती है, और मुख्य सड़कों व डिवाइडरों के इर्द गिर्द जमा मिट्टी, उगी घास तथा अव्यवस्थित हालत न केवल सौंदर्य बिगाड़ती है, बल्कि यातायात को भी प्रभावित करती है। डीएम ने बताया कि  मुख्यमंत्री द्वारा निर्देशित किया गया है कि शहर की सभी प्रमुख एंट्री रोड चाहे वे नगरीय निकाय, पंचायती राज, लोक निर्माण विभाग या राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकार क्षेत्र में हों पूरी तरह साफ सुथरी और व्यवस्थित दिखनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जहाँ भी जलभराव की समस्या है, वहाँ तत्काल जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए। इसके साथ ही फुटपाथों की निरंतरता बहाल करने, अवैध होर्डिंग हटाने, लटकती बिजली के तारों,केबल को व्यवस्थित करने और स्ट्रीट लाइट को दुरुस्त करने के भी निर्देश जारी किए गए हैं। इस महत्वपूर्ण अभियान के लिए नगर निगम, विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग,बीडीए, जिला पंचायत, पंचायत राज विभाग और एन.एच.ए.आई. की संयुक्त टीमों को निर्देशित किया गया है कि वे परस्पर समन्वय स्थापित कर अभियान को प्रभावी तरीके से लागू करें। डीएम ने कहा कि तय अवधि के भीतर मुख्य सड़कों और डिवाइडरों को पूरी तरह स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाया जाए और इसकी प्रतिदिन निगरानी भी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी विभागों से अपेक्षा की कि वे इसे मात्र औपचारिक कार्यक्रम न मानें, बल्कि शहर की छवि सुधारने के एक महत्वपूर्ण मिशन की तरह गंभीरता से पूरा करें।