बहेड़ी में गेहूं अग्निकांड पीड़ित किसानों को मिली बड़ी राहत

मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड सहायता योजना के तहत बहेड़ी में 246 किसानों को 40.23 लाख रुपये की राहत राशि बांटी गई।

बहेड़ी में गेहूं अग्निकांड पीड़ित किसानों को मिली बड़ी राहत
बहेड़ी तहसील में किसानों को चेक वितरित करतीं एसडीएम इशिता किशोर।
HIGHLIGHTS:

बहेड़ी के 246 प्रभावित किसानों को 40.23 लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री खेत-खलिहान योजना के तहत एसडीएम ने किसानों को सहायता राशि सौंपी।

जन माध्यम

बहेड़ी।बरेली। गेहूं के खेतों में आग लगने से भारी नुकसान झेल रहे किसानों के जख्मों पर अब सरकारी राहत का मरहम लगने लगा है। मुख्यमंत्री राहत कोष के अंतर्गत संचालित 'मुख्यमंत्री खेत-खलिहान अग्निकांड दुर्घटना सहायता योजना' के तहत बुधवार को तहसील बहेड़ी सभागार में एक भव्य चेक वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

इस दौरान ग्राम बहादुरगंज व सिंगोथी सहित विभिन्न गांवों के कुल 246 प्रभावित कास्तकारों को 40.23 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। एसडीएम बहेड़ी इशिता किशोर ने जनप्रतिनिधियों के साथ किसानों को चेक सौंपे। भीषण अग्निकांड के बाद आर्थिक तंगी से जूझ रहे किसानों के चेहरों पर सहायता राशि मिलने के बाद राहत साफ दिखाई दी।

कार्यक्रम में तहसीलदार भानू प्रताप सिंह, ब्लॉक प्रमुख अमरिंदर सिंह गोल्डी, दमखोदा ब्लॉक प्रमुख पति एवं भाजपा नेता दुष्यंत गंगवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार अग्निकांड से प्रभावित किसानों को त्वरित राहत पहुंचाई जा रही है, ताकि वे इस संकट से उबरकर अगली फसल की तैयारी कर सकें।

इन किसानों को मिली सहायता: चेक प्राप्त करने वालों में मुख्य रूप से मुन्तियाज (बहादुरगंज) को 40 हजार, मुमताज बेगम (सिंगोथी) को 40 हजार, हैदर अली खान (सिंगोथी) को 40 हजार रुपये मिले। वहीं तेजपाल (मूसापुर), ओमप्रकाश (सिंगोथी), पाती राम (बहादुरगंज), अमित कुमार (सिंगोथी), राम बाबू (बसुधरन जागीर) और अमरजीत सिंह (सिंगोथी) को 30-30 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की गई। किसानों ने इस त्वरित मदद के लिए सरकार और प्रशासन का आभार जताया है।