ड्राइवर की संदिग्ध मौत से हड़कंप
बहेड़ी में 22 साल के ड्राइवर मुकेश का शव मालिक के ऑफिस में मिला, नाज़ुक अंगों पर चोटें, परिवार ने आशु-पंकज पर हत्या का आरोप लगाया।
➡️ 22 साल के मुकेश का शव मालिक के केबिन में मिला
➡️ मामूली टक्कर के बाद जबरन ऑफिस ले जाकर मारपीट
➡️ नाज़ुक अंगों पर गहरी चोटें – हत्या की आशंका
➡️ मालिक आशु और ममेरा भाई पंकज पर हत्या का आरोप
➡️ माँ का रो-रोकर बुरा हाल, परिवार टूटा
➡️ पुलिस जांच शुरू, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतज़ार
परिजनों का मालिक और रिश्तेदार पर हत्या का आरोप ऑफिस के केबिन में मिला शव
जन माध्यम
बहेड़ी।बरेली। बहेड़ी उधम सिंह नगर के थाना छतरिया क्षेत्र के पुल भट्टा निवासी 22 वर्षीय मुकेश की संदिग्ध परिस्थिति में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। परिवार का आरोप है कि यह कोई सामान्य घटना नहीं, बल्कि सोची-समझी मारपीट के बाद की गई हत्या है।
मृतक के भाई सुनील के मुताबिक, मुकेश ट्रक पर ड्राइवर था और रविवार को नौगामा गांव से गन्ना लादकर बहेड़ी की ओर आ रहा था। बहेड़ी फाटक के पास ट्रक की टक्कर गाड़ी मालिक आशु के ममेरे भाई पंकज की कार से हो गई। सुनील का दावा है कि मामूली दुर्घटना के बाद पंकज मुकेश को जबरन अपनी कार से उतारकर आशु के ऑफिस में ले गया, जहाँ दोनों ने मिलकर उसके साथ बेरहमी से मारपीट की। परिवार का आरोप है कि मुकेश के नाज़ुक अंगों पर भारी वस्तु से चोट पहुंचाई गई, जिसके चलते उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी आशु ने ही परिजनों को दी। जब वे ऑफिस पहुंचे, तो मुकेश का शव आशु के केबिन में पड़ा मिला, जिसे देखकर घरवालों के पैरों तले ज़मीन खिसक गई।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्ज़े में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।घर में मातम पसरा है। मां दुर्गा का रो-रोकर बुरा हाल है। मुकेश दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा था। अचानक उसकी मौत ने पूरे परिवार को तोड़ दिया है। परिजनों ने मालिक आशु और उसके ममेरे भाई पंकज पर स्पष्ट रूप से हत्या का आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की है।