रफ्तार ने छीनी एक मां की सांस

बहेड़ी के पिपरिया रंजित गांव में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत, आरोपी चालक पुलिस हिरासत में।

रफ्तार ने छीनी एक मां की सांस
HIGHLIGHTS:

तेज रफ्तार बाइक ने बुजुर्ग महिला को मारी टक्कर

मौके पर ही महिला की हालत हुई गंभीर

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

आरोपी चालक पुलिस हिरासत में

मुमताज अली। जन माध्यम
बहेड़ी।
एक पल पहले जो मां अपने घर के आंगन से निकली थी, किसी ने नहीं सोचा था कि वह लौटकर कभी नहीं आएगी और रफ्तार की एक लापरवाही उसकी जिंदगी छीन ले जाएगी।

थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया रंजित में सोमवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार बाइक ने एक बुजुर्ग महिला की जान ले ली। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी रामसिंह की माता लडयती देवी दोपहर करीब बारह बजे घर का कूड़ा डालने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान पीलीभीत जनपद के देवरनिया जिठनिया क्षेत्र निवासी जावेद बिना नंबर की टीवीएस राइडर बाइक को तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए वहां पहुंचा और वृद्धा को जोरदार टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि लडयती देवी करीब बीस से तीस फीट दूर जा गिरीं। मौके पर मौजूद उनके पोते ने हिम्मत दिखाते हुए बाइक चालक को पकड़ लिया और शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए।

सूचना मिलते ही बहेड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में ले लिया। गंभीर हालत में घायल महिला को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहेड़ी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए बरेली भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके।