गौवंश अवशेष मिलने से उबाल

बहेड़ी के ग्राम सुकटिया जंगल में गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मचा। गौ रक्षा दल ने विरोध जताया और पुलिस ने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया।

गौवंश अवशेष मिलने से उबाल
HIGHLIGHTS:

➡️ ग्राम सुकटिया के जंगल में गौवंशीय अवशेष मिले
➡️ गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश
➡️ पुलिस और संगठन के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे
➡️ पास के ईंट भट्ठे से मिर्जापुर गांव तक तलाशी
➡️ मौके से आपत्तिजनक सामग्री नहीं बरामद
➡️ तनाव के बीच शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क

मुम्ताज़ अली/ जन माध्यम

बहेड़, बरेली। थाना क्षेत्र बहेड़ी के ग्राम सुकटिया के पास जंगल में गौवंशीय पशु के अवशेष मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी फैलते ही गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश देखने को मिला। मौके पर पहुंचे संगठन के पदाधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सुकटिया के समीप जंगल में गौवंशीय पशु के अवशेष पड़े मिलने की सूचना पर गौ रक्षा हिंदू दल बहेड़ी के तहसील अध्यक्ष मनोज गंगवार, जिला अध्यक्ष देवेंद्र भास्कर सहित अन्य कार्यकर्ता टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की।

सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई। कताई मिल चौकी इंचार्ज रजनीश, एलआईयू बहेड़ी अनुज, नारायण नगला चौकी इंचार्ज राजेश तथा सीओ बहेड़ी अरुण कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ शुरू की।

जांच के दौरान पास के एक ईंट भट्ठे पर मौजूद मुखबिर ने पुलिस को जानकारी दी कि उसने मिर्जापुर गांव से एक किलो मांस खरीदा था। इस सूचना के आधार पर पुलिस और गौ रक्षा दल के सदस्य मिर्जापुर गांव पहुंचे और बताए गए घर पर दबिश दी। वहां घर पर ताला लगा मिला। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर तलाशी ली, लेकिन मौके से कोई आपत्तिजनक सामग्री बरामद नहीं हो सकी।

घटना को लेकर गौ रक्षा दल के कार्यकर्ताओं का आक्रोश बढ़ता देख सीओ बहेड़ी अरुण कुमार ने उन्हें आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही पूरे प्रकरण का खुलासा कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ग्राम सुकटिया में हुई इस घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता बरत रही है।