दिनदहाड़े गोली, रात में मुठभेड़
बहेड़ी में आईटीआई छात्र पर फायरिंग करने वाले बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़, एक घायल, दूसरा गिरफ्तार।
➡️ दिनदहाड़े आईटीआई छात्र पर बदमाशों ने की फायरिंग
➡️ लूट का विरोध करने पर मारी गई गोली
➡️ छात्र की जान बची, इलाके में दहशत
जन माध्यम
बहेड़ी, बरेली। बहेड़ी इलाके में 4 फरवरी को दिनदहाड़े एक आईटीआई छात्र पर हुई सनसनीखेज फायरिंग की घटना ने पूरे क्षेत्र में दहशत फैला दी। शास्त्री नगर गेट के पास खड़े राहुल गंगवार पर बाइक सवार दो युवकों ने लूट के इरादे से हमला किया और विरोध करने पर गोली चला दी। गनीमत रही कि छात्र की जान बच गई, लेकिन यह वारदात अपराधियों के बढ़ते हौसले को उजागर कर गई। पीड़ित राहुल गंगवार ने बताया कि प्रेमनगर रामलीला गौंटिया निवासी मनोज भास्कर और इज्जतनगर मठ लक्ष्मीपुर निवासी उदय ठाकुर बाइक से आए और उसका मोबाइल व चेन छीनने लगे। जब राहुल ने विरोध किया तो मनोज ने उसके सिर पर लोहे का कड़ा मार दिया। हालात यहीं नहीं रुके। उदय ने तमंचा निकालकर राहुल के सिर से सटा दिया। राहुल ने साहस दिखाते हुए तमंचे की नाल पकड़ ली, लेकिन तभी मनोज ने इशारा करते हुए कहा इसे गोली मार दो। इसके बाद उदय ने फायर झोंक दिया। गोली राहुल के दाहिने बगल में लगी और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। शोर सुनकर राहुल की बहन पूजा मौके पर पहुंची, जिसके बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। गुरुवार रात चेकिंग के दौरान कुदेशिया फाटक के पास बाइक सवार दो युवक नजर आए। सीओ सिटी आशुतोष शिवम के अनुसार, पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद किए हैं। घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दोनों के खिलाफ प्रेमनगर थाने में जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई से पुलिस ने साफ कर दिया है कि अपराधियों के लिए जिले में कोई जगह नहीं है।