टूटी बिजली की लाइन से बस में आग, हेल्पर गंभीर झुलसा
बहेड़ी में तेज हवा के कारण 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बस पर गिर गई, जिससे बस में आग लग गई और अंदर सो रहा हेल्पर गंभीर रूप से झुलस गया। दमकल ने आग पर काबू पाया।
तेज हवा के कारण 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइन बस पर गिरी
करंट की चपेट में आकर बस का हेल्पर गंभीर रूप से झुलसा
चाय विक्रेता की सूझबूझ से समय रहते बिजली लाइन बंद कराई गई
दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
मुम्ताज अली। जन माध्यम
बहेड़ी (बरेली)। रविवार की देर रात अचानक उठी तेज हवा ने ऐसा खौफनाक मंजर खड़ा कर दिया कि कुछ पल के लिए हर किसी की सांसें थम गईं। बस में सो रहा एक युवक शायद यह सोच भी नहीं सकता था कि अगली ही घड़ी आसमान से टूटा बिजली का तार उसकी जिंदगी को झुलसा देगा।
तेज हवा में टूटी बिजली की लाइन, बस में लगी आग
नगर में रविवार देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। पीलीभीत-बहेड़ी मार्ग पर रोडवेज के पास खड़ी बसों के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन तेज हवा के चलते अचानक टूट गई। यह तार सीधे बस संख्या यूपी 26 टी 9897 पर गिर पड़ा। तार गिरते ही तेज चिंगारी के साथ बस में आग भड़क उठी और कुछ ही क्षणों में बस धुएं और लपटों से घिर गई।
बस के अंदर सो रहा हेल्पर करंट से झुलसा
उस समय बस के भीतर हेल्पर अन्नू, निवासी मधोटांडा (जिला पीलीभीत) सो रहा था। अचानक गिरे बिजली के तार से वह करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। आसपास मौजूद लोगों ने जब बस से उठती लपटें और युवक की चीखें सुनीं तो वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन बिजली का खतरा होने के कारण कोई बस के पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था।
सूझबूझ से बचा बड़ा हादसा, दमकल ने बुझाई आग
पास ही स्थित एक चाय की दुकान के संचालक ने हालात को भांपते हुए तुरंत बिजली विभाग को फोन कर लाइन बंद करवाई और दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक बस का काफी हिस्सा जल चुका था और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
गंभीर हालत में हेल्पर को बरेली भेजा गया
करंट से झुलसे हेल्पर अन्नू को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल बरेली रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बिजली की लाइन बंद न कराई जाती तो आसपास खड़ी अन्य बसों और दुकानों के कारण बड़ा हादसा हो सकता था।