आंवला में अरिल नदी के तेज बहाव में बाइक समेत तीन लोग बहे

आंवला क्षेत्र के डरुआ गांव में रपटा पुल पार करते समय बाइक सवार तीन लोग अरिल नदी के तेज बहाव में बह गए। बाइक बरामद कर ली गई है, जबकि तीनों की तलाश जारी है।

आंवला में अरिल नदी के तेज बहाव में बाइक समेत तीन लोग बहे
HIGHLIGHTS:

डरुआ गांव के रपटा पुल को बाइक से पार करते समय तीन लोग नदी में बह गए।

तेज बहाव में बही बाइक बरामद कर ली गई, तीनों की तलाश जारी।

PAC फ्लड टीम, SDRF और फायर ब्रिगेड ने सर्च अभियान शुरू किया।4

जन माध्यम
बरेली।
थाना आंवला क्षेत्र के ग्राम डरुआ स्थित अरिल नदी के रपटा पुल को बाइक पर सवार तीन अज्ञात व्यक्ति पार कर विशारतगंज की ओर जाने का प्रयास कर रहे थे। नदी का बहाव तेज होने के कारण तीनों बाइक समेत पानी की धार में बह गए।

सूचना मिलते ही एसएसपी अनुराग आर्य, डीएम अविनाश सिंह, एसपी उत्तरी अंशिका वर्मा समेत पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। स्थानीय लोगों के अनुसार, तीनों व्यक्ति नशे की हालत में बताए गए। लोगों ने उन्हें रपटा पुल पार करने से रोकने का प्रयास भी किया था।

हादसे की सूचना पर PAC फ्लड टीम, SDRF और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू एवं सर्च अभियान शुरू किया गया। अभियान के दौरान नदी के तेज बहाव में बही बाइक को बरामद कर बाहर निकाल लिया गया।

नदी में बहे तीनों अज्ञात व्यक्तियों की तलाश के लिए सघन सर्च अभियान लगातार जारी है। साथ ही पुलिस उनकी पहचान और नाम-पते की जानकारी जुटाने में लगी है। पुलिस एवं राहत-बचाव टीमें पूरी तत्परता से अभियान में जुटी हुई हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, रेस्क्यू अभियान के साथ घटनाक्रम से जुड़ी अन्य जानकारी भी जुटाई जा रही है।