विधानसभा में अता उर रहमान ने उठाए बहेड़ी के मुद्दे

उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहेड़ी विधायक अता उर रहमान ने गन्ना बकाया भुगतान, मेडिकल कॉलेज, ओवरब्रिज, हाउस टैक्स और युवाओं के लिए स्टेडियम निर्माण जैसे मुद्दे उठाए। सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग।

विधानसभा में अता उर रहमान ने उठाए बहेड़ी के मुद्दे
HIGHLIGHTS:

➡️ विधानसभा में बहेड़ी की जनसमस्याएं उठाईं
➡️ गन्ना बकाया भुगतान पर सरकार से जवाब
➡️ मेडिकल कॉलेज व ओवरब्रिज निर्माण की मांग
➡️ हाउस टैक्स और 112 सेवा पर भी सवाल

मुम्ताज अली । जन माध्यम
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश विधानसभा में बहेड़ी से विधायक एवं पूर्व मंत्री अता उर रहमान ने अपने क्षेत्र की जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए किसानों, युवाओं और आम नागरिकों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

समाजवादी पार्टी के प्रदेश महासचिव अता उर रहमान ने सदन में किसानों के गन्ने के बकाया भुगतान का मुद्दा मजबूती से रखते हुए कहा कि समय पर भुगतान न होने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। उन्होंने सरकार से निर्देश जारी कर बकाया राशि शीघ्र दिलाने की मांग की।

स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर जोर देते हुए विधायक ने क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज की स्थापना की आवश्यकता बताई। उन्होंने कताई मिल की खाली पड़ी जमीन पर मेडिकल कॉलेज खोलने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे बहेड़ी और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को बेहतर उपचार की सुविधा मिल सकेगी।

यातायात समस्याओं का जिक्र करते हुए उन्होंने रिछा रेलवे क्रॉसिंग और केसर मिल रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज निर्माण की मांग की। उनका कहना था कि इन स्थानों पर आए दिन जाम लगता है, जिससे आमजन को भारी परेशानी होती है। साथ ही बहेड़ी रेलवे स्टेशन पर एक प्लेटफॉर्म से दूसरे प्लेटफॉर्म तक सुरक्षित आवागमन के लिए फुटओवर ब्रिज बनाने की भी मांग की।

विधायक ने प्रदेश की आपातकालीन सेवा 112 नंबर की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि शिकायतें मिल रही हैं और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आपात सेवाएं आम लोगों के लिए त्वरित और प्रभावी होनी चाहिए।

नगरपालिका द्वारा लगाए गए बढ़े हुए हाउस टैक्स का मुद्दा भी सदन में गूंजा। अता उर रहमान ने टैक्स की दरों की जांच कर उन्हें कम करने की मांग की। इसके अलावा युवाओं के लिए स्टेडियम निर्माण और क्षेत्र की 100 से अधिक राइस मिलों के लिए एक्सपोर्ट प्वाइंट स्थापित करने का प्रस्ताव रखते हुए कहा कि इससे रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

अपने संबोधन के अंत में उन्होंने एक शेर पढ़ते हुए सरकार से जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे क्षेत्र की जनता की आवाज को सदन में मजबूती से उठाते रहेंगे।