चार हजार की घूस में एंटी करप्शन टीम ने आईटीआई के रिश्वत खोर बाबू को दबोचा

भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने एक और रिश्वत खोर सरकारी कर्मचारी को पकड़ा है। यह एक स्टूडेंट से टेबलेट के नाम पर रिश्वत ले रहा था। टीम ने रंगे हाथ पकड़कर हिरासत में ले लिया।

चार हजार की घूस में एंटी करप्शन टीम ने आईटीआई के रिश्वत खोर बाबू को दबोचा

बरेली। भ्रष्टाचार निवारण संगठन (एंटी करप्शन) की टीम ने शुक्रवार को एक और रिश्वत खोर सरकारी कर्मचारी को पकड़ा है। यह एक स्टूडेंट से टेबलेट के नाम पर रिश्वत ले रहा था। टीम ने रंगे हाथ पकड़कर हिरासत में ले लिया। मगर, जेल आज भेजा जाएगा। इससे पहले भी एंटी करप्शन की टीम 50 से अधिक सरकारी कर्मचारियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकीं है। मगर, इसके बाद भी सरकारी विभागों में घूस लेने का खेल बंद नहीं हो रहा है। 

टेबलेट देने के नाम पर स्टूडेंट से मांगी थी रिश्वत 

शहर के सीबीगंज थाना क्षेत्र में स्थित इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टिट्यूट (आईटीआई) में किला कोतवाली थाना क्षेत्र के स्वाले नगर निवासी यतेंद्र पाल ने कारपेंटर ट्रेड में आईटीआई की है। उसको सरकारी योजना के तहत एसर टेबलेट मिलना था। मगर, काफी कोशिश के बाद भी नहीं मिला। जिसके चलते आईटीआई के अनुदेशक कृष्ण कुमार गुप्ता से संपर्क किया। उन्होंने टेबलेट के नाम पर चार हजार रूपये की घूस की मांग की। स्टूडेंट यतेंद्र पाल ने इस मामले की शिकायत एंटी करप्शन से की। एंटी करप्शन टीम ने स्टूडेंट को रूपये दिए। जिसके चलते स्टूडेंट शुक्रवार को आईटीआई पहुंचा। उसने बाबू को चार हजार रूपये देकर टेबलेट लिया। इसी दौरान एंटी करप्शन टीम ने आरोपी बाबू को रंगे हाथ पकड़कर हिरासत में ले लिया।

शहर कोतवाली में बाबू के खिलाफ एफआईआर दर्ज

सीओ एंटी करप्शन यशपाल सिंह ने मीडिया को बताया कि किला कोतवाली थाना क्षेत्र के स्वालेनगर निवासी यतेंद्र पाल ने शिकायत की थी। उन्होंने बताया कि आईटीआई बरेली में एसर टैबलेट के वितरण के लिए चार हजार रुपये रिश्वत मांगी जा रही थी। जिसके चलते टीम ने ट्रैप लगाकर अभियुक्त कृष्ण कुमार गुप्ता को आईटीआई बरेली के कमरे में 12 बजे दिन में रिश्वत की रकम लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपी कृष्ण कुमार गुप्ता के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। सीओ बोले, शासन की भ्रष्टाचार विरोधी नीति के तहत अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टोलरेंस की नीति पर अडिग है, और इस प्रकार के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।