वार्षिक निरीक्षण: एसएसपी ने कोतवाली देवरनियां की व्यवस्था को परखा, लापरवाही में इनपर गिरी गाज, उत्कृष्ट कार्य पर छह पुलिसकर्मी पुरस्कृत
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार को देवरनियां कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनता से संवाद कर हाल जाना और उत्कृष्ट कार्य करने पर रिछा चौकी इंचार्ज समेत छह पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के साथ लापरवाही पर दो एसआई और एक सिपाही के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दे दिए। दोपहर बाद पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य देवरनियां कोतवाली की भव्य सजावट और साफ-सफाई देखकर खूश हुए।
देवरनियां, बरेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने बुधवार को देवरनियां कोतवाली का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जनता से संवाद कर हाल जाना और उत्कृष्ट कार्य करने पर रिछा चौकी इंचार्ज समेत छह पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत करने के साथ लापरवाही पर दो एसआई और एक सिपाही के खिलाफ प्रारंभिक जांच के निर्देश दे दिए। दोपहर बाद पहुंचे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य देवरनियां कोतवाली की भव्य सजावट और साफ-सफाई देखकर खूश हुए। सलामी लेने के बाद उन्होंने उपस्थित लोगों से संवाद कर क्षेत्र का हाल जाना। रिछा नगर पंचायत चेयरमैन पुत्र और चेयरमैन प्रतिनिधि सैफ तनवीर, रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी, देवरनियां चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी, चेयरमैन प्रतिनिधि अजीम टीटू, हाफिज इकराम, प्रधान संघ के पूर्व जिला अध्यक्ष चौधरी प्रेमवीर सिंह ने थाना क्षेत्र में अमन-चैन और फास्ट पुलिसिंग की सराहना की। इस दौरान रिछा चेयरमैन पुत्र और प्रतिनिधि और रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष रिछा में प्रस्तावित थाने के लिए दो भूमि बताई, जिसे कप्तान साहब ने नोट कर लिया गया।
इसके बाद एसएसपी ने थाना कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क, मालखाना, मेस, कम्प्यूटर कक्ष समेत थाना परिसर का मुआयना किया। अभिलेखों के रखरखाव और एसएचओ दिनेश कुमार शर्मा द्वारा की गई साफ-सफाई की प्रशंसा की गई। इसके अलावा उन्होंने नई बनी बिल्डिंग का भी जायजा लिया और बैडमिंटन गेम स्थल का शुभारंभ भी किया।
एसएसआई और रिछा चौकी इंचार्ज समेत छह पुरस्कृत
मुआयना के बाद मीडिया से वार्ता करते हुए एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने पर थाने के वरिष्ठ उप निरीक्षक (एसएस आई) नवदीप सिंह, रिछा पुलिस चौकी इंचार्ज कुशल पाल सिंह, एसआई अंडर ट्रेनिंग अनु, सिपाही सुरेन्द्र चौधरी, रितू, अंकिता को पुरस्कृत किया है। उन्होंने बताया बीट क्षेत्र की जानकारी न होना, लापरवाही और विवेचना में लापरवाही पर एसआई अनिल और मनोज, सिपाही सचिन के खिलाफ विभागीय विभागीय और प्रारंभिक जांच के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया एसएचओ दिनेश कुमार शर्मा द्वारा थाने की साफ-सफाई पर खासा फोकस किया गया है, पहले की अपेक्षा अभिलेखों का रखरखाव भी सही मिला है। उन्होंने कहा कि समीक्षा में अपराध यहां नियंत्रण में पाए गए और अपराधियों के विरुद्ध कार्रवाई अमल में लाई गई है। उन्होने कहा जो अच्छा काम करेगा उसे इनाम मिलेगा और जो खराब करेगा उसे दंडित किया जाएगा।
रिछा में प्रस्तावित थाने के लिए कमेटी गठित
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि रिछा में प्रस्तावित थाने को लेकर दो मत सामने आए हैं उसके लिए एक कमेटी गठित कर जन प्रतिनिधियों को साथ लेकर तय किया जाएगा कि थाना कहां सही रहेगा। इस दौरान नगर पंचायत देवरनियां चेयरमैन मोहम्मद कलीम अंसारी, अजीम टीटू हसनैन रजा खां, हाफिज इकराम रजा खां, सुनैन खां उर्फ सेठी, रिजवान, रिछा चेयरमैन प्रतिनिधि सैफ तनवीर, रिछा राइस मिलर एसोसिएशन अध्यक्ष अतहर हुसैन नियाज़ी, प्रधान संघ के पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष शांतिपाल गंगवार, चौधरी प्रेमवीर सिंह आदि प्रमुख मौजूद रहे।