आगरा रेल मंडल की बड़ी उपलब्धि, राजस्व में बढ़त
आगरा रेल मंडल ने 2025-26 में राजस्व और यात्री संख्या में बढ़त दर्ज की, कई नई सुविधाएं और विकास कार्यों की जानकारी प्रेस वार्ता में साझा।
यात्री आय में लक्ष्य से 6.71% अधिक राजस्व
719 लाख से ज्यादा यात्रियों ने किया सफर
अवैध वेंडरों पर कार्रवाई, जुर्माना वसूला
स्टेशनों पर नई सुविधाएं और योजनाएं लागू
श्याम बिहारी भार्गव । जन माध्यम
आगरा/मथुरा। रेलवे की रफ्तार सिर्फ पटरियों तक सीमित नहीं रही, बल्कि आंकड़ों में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। लेकिन सवाल यह है क्या यह बढ़त यात्रियों के अनुभव में भी उतनी ही दिख रही है?
वित्तीय वर्ष 2025–26 में आगरा रेल मंडल ने कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने प्रेस वार्ता के दौरान इन उपलब्धियों और योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा साझा किया।
आगरा कैंट स्थित गोवर्धन सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में मंडल की प्रगति, यात्री सुविधाओं के विस्तार, आधारभूत संरचना विकास और सुरक्षा उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) प्रनव कुमार सहित सभी शाखा अधिकारी और मीडिया प्रतिनिधि मौजूद रहे।
वाणिज्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, मंडल ने यात्री आय के तहत 717.28 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जो निर्धारित लक्ष्य 672.13 करोड़ रुपये से 6.71 प्रतिशत अधिक है। वहीं 719.36 लाख यात्रियों ने यात्रा की, जो लक्ष्य से करीब 7 प्रतिशत अधिक है।
टिकट जांच के जरिए भी राजस्व में बढ़ोतरी दर्ज की गई। वर्ष 2025-26 में 27.41 करोड़ रुपये की वसूली की गई, जो पिछले वर्ष से अधिक है। बिना टिकट यात्रा करने वाले और अनियमित यात्रियों से भारी जुर्माना वसूला गया।
अवैध वेंडरों के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए 975 लोगों से 7.47 लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके अलावा आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन जैसे स्टेशनों पर जन औषधि केंद्र, मिलेट स्टॉल और कोच रेस्टोरेंट जैसी नई सुविधाएं शुरू की गईं।
पार्किंग और पब्लिसिटी से होने वाली आय भी लक्ष्य से अधिक रही। वहीं मुड़िया पूर्णिमा मेले के दौरान यात्रियों की संख्या और राजस्व में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई।
रेलवे ने “एक स्टेशन एक उत्पाद” योजना के तहत 16 स्टॉल संचालित किए हैं, जिससे स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिल रहा है। साथ ही दिव्यांगजनों के लिए ऑनलाइन पहचान पत्र जारी करने की सुविधा भी शुरू की गई, जिसके तहत 855 लोगों को लाभ मिला।
प्रधानमंत्री द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत आगरा मंडल के पांच स्टेशनों का उद्घाटन भी इस वर्ष की बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा।
मंडल रेल प्रबंधक गगन गोयल ने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रेलवे की उपलब्धियों को आमजन तक पहुंचाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण है।
हालांकि आंकड़े विकास की कहानी जरूर बयां कर रहे हैं, लेकिन असली सवाल यही है क्या यह प्रगति यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और अनुभव में भी उतनी ही मजबूती से नजर आ रही है?