हादसा : आंधी- तूफान से देवरनियां क्षेत्र में मकान गिरने से दो व्यक्तियों की हुई मौत, दो घायल
1. पुलिस और राजस्व अमले ने किया मौका मुआयना
2. दोनों मृतक परिवारों को दैवी आपदा के तहत चार-चार लाख की धनराशि दी गई
3. घटना का एसडीएम ने तुरंत लिया संज्ञान
देवरनियां, बरेली। शुक्रवार की रात अचानक आए आंधी-तूफान से देवरनियां इलाके के दो गांवों में मकान का छज्जा गिरने और झोपड़ी गिरने से उसके मलबे में दबकर दो व्यक्तियों की मौत हो गई। जबकि दो घायल हो गए हैं। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
शुक्रवार रात अचानक बारिश के साथ तेज आंधी-तूफान आया, इसमें देवरनियां कोतवाली क्षेत्र के गांव उदरा निवासी कृष्ण पाल पुत्र कोमिल प्रसाद के कच्चे मकान का छज्जा गिर गया, इसके मलबे में दबकर कृष्ण पाल (50) की मौत हो गई, जबकि इनकी पत्नी रुपा देवी और बेटा भरत गंभीर रुप से घायल हो गए। परिवार के अन्य सदस्यों ने ग्रामीणों की मदद से तीनों को बाहर निकाला घायल रुपा देवी और भरत को इलाज के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।
दूसरा हादसा गांव बसन्तनगर जागीर में हुआ। यहां रामचरन लाल के घर की झोपड़ी गिरने से उसमें दबकर रामचरन लाल (63) की मौत हो गई। मृतक के पुत्र संजीव कुमार ने बताया आंधी-तूफान में झोपड़ी गिरने से उनके पिता की मौत हो गई है। यह हादसा अचानक हुआ, इसमें किसी का दोष नहीं है।
सूचना पर कार्यवाहक थाना प्रभारी इंस्पेक्टर क्राइम रामवीर सिंह पुलिस बल के साथ दोनों घटनास्थल पर पहुंचे और शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
इधर सूचना पर एसडीएम बहेडी रात्निका श्रीवास्तव ने तुरंत संज्ञान लिया। तहसील से गांव बसन्तनगर जागीर तहसीलदार बहेडी भानू प्रताव और गांव उदरा में नायब तहसीलदार शोभित चौधरी मौके पर गए और घटना की तहकीकात की। जिलाधिकारी के निर्देश पर एक मृतक परिवार को चार लाख, दोनों को आठ लाख रुपए की धनराशि दैवी आपदा के तहत दी गई है।
देवरनियां थाना क्षेत्र के दो गांवों में आंधी-तूफान से हुए हादसे का तहसीलदार की टीम ने मुआयना किया और जिलाधिकारी महोदय के निर्देशन में दैवी आपदा के तहत दोनों मृतक परिवारों को चार-चार लाख रुपए की सरकारी मदद दी गई है।
रात्निका श्रीवास्तव, एसडीएम बहेडी।