क्रिटिकल केयर अस्पताल को लेकर आप का प्रदर्शन

बरेली में क्रिटिकल केयर अस्पताल के लिए भूमि आवंटन न होने पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जनक प्रसाद ने कलेक्ट्रेट गेट पर धरना दिया। प्रशासन पर जनहित की अनदेखी का आरोप।

क्रिटिकल केयर अस्पताल को लेकर आप का प्रदर्शन
HIGHLIGHTS:

➡️ भूमि आवंटन न होने पर कलेक्ट्रेट गेट पर धरना
➡️ जनक प्रसाद ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
➡️ क्रिटिकल केयर परियोजना बरेली से छिनने का दावा
➡️ एम्स जैसी स्वास्थ्य सुविधा की मांग

जन माध्यम
बरेली।
क्रिटिकल केयर अस्पताल के लिए भूमि आवंटित न होने के विरोध में आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष जनक प्रसाद ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया। डीएम से मिलने की मांग को लेकर पहुंचे जनक प्रसाद सिटी मजिस्ट्रेट से भी मुलाकात नहीं कर सके, जिसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट गेट के बाहर जमीन पर बैठकर विरोध दर्ज कराया और “बृजेश पाठक मुर्दाबाद” के नारे लगाए।

जनक प्रसाद ने बताया कि वर्ष 2021 से बरेली में क्रिटिकल केयर अस्पताल के लिए भूमि की मांग की जा रही थी। उनके अनुसार, कमिश्नर स्तर पर स्वीकृति मिलने के बावजूद प्रशासन उपयुक्त भूमि उपलब्ध नहीं करा सका, जिसके चलते वर्ष 2026 में यह महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परियोजना बरेली से छिन गई। उन्होंने इसे जनहित से जुड़ा गंभीर विषय बताया।

उन्होंने आरोप लगाया कि जहां व्यापारिक और निजी परियोजनाओं के लिए भूमि शीघ्र चिन्हित कर दी जाती है, वहीं जनसेवा से संबंधित योजनाओं को प्राथमिकता नहीं मिलती। डोरा रोड क्षेत्र का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां पर्याप्त भूमि उपलब्ध है, लेकिन कीमतों में भारी बढ़ोतरी हो चुकी है। पहले जो जमीन ₹5,000 से ₹7,000 प्रति वर्ग गज थी, वह अब ₹35,000 से ₹50,000 और कुछ स्थानों पर ₹70,000 प्रति वर्ग गज तक पहुंच गई है।

जनक प्रसाद ने सवाल उठाया कि क्या प्रशासन जनहित की परियोजनाओं के प्रति संवेदनशील नहीं है या फिर किसी निजी हित के कारण आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाओं को प्राथमिकता नहीं दी गई।

आम आदमी पार्टी की ओर से मांग की गई कि क्रिटिकल केयर अस्पताल के लिए भूमि चिन्हांकन पर पुनर्विचार किया जाए। साथ ही भविष्य की स्वास्थ्य जरूरतों को देखते हुए बरेली में एम्स जैसे उच्च स्तरीय संस्थान की स्थापना की योजना बनाई जाए।

धरने में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ कई स्थानीय नागरिक भी शामिल रहे। प्रदर्शन के दौरान पुलिस बल भी एहतियातन तैनात रहा।