छप्परनुमा घर में लगी भीषण आग, चार साल की मासूम की जलकर मौत, गांव में पसरा मातम
1. घर का सारा सामान भी जलकर राख
2. पांच बेटियों में सबसे छोटी थी अलिस्मा
3. प्रशासन ने दिलाया सहायता का भरोसा
बहेड़ी, बरेली। देहात के बहेड़ी क्षेत्र के ग्राम उतरसिया महोलिया में सोमवार की सुबह उस समय कोहराम मच गया जब दो झोपड़ियों में अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में चार साल की मासूम बच्ची अलिस्मा की जलकर मौत हो गई। बच्ची घर के अंदर सो रही थी और आग की चपेट में आ गई। जब तक कोई कुछ समझ पाता, तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था।परिजनों के मुताबिक घटना के समय अलिस्मा की मां बाहर थी और पिता दिलशाद मजदूरी के लिए गया हुआ था। आग लगते ही परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन अलिस्मा सोई रह गई और आग की लपटों में घिर गई। जब तक लोग उसे बाहर निकाल पाते, तब तक वह पूरी तरह झुलस चुकी थी।
सूचना मिलते ही पुलिस और तहसील प्रशासन मौके पर पहुंचा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। तहसीलदार ने लेखपाल के साथ मिलकर नुकसान का आंकलन किया और प्रशासनिक मदद का भरोसा दिलाया।
पांच बेटियों में सबसे छोटी थी अलिस्मा
दिलशाद की पांच बेटियां हैं, जिनमें अलिस्मा सबसे छोटी थी। उसकी मौत से परिवार में मातम पसर गया है। गांव के लोग गमगीन हैं और पीड़ित परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। ग्रामीण प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं।
"घटना दुखद है। बच्ची की मौत से गहरा दुख पहुंचा है। पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी मदद दी जाएगी।"
रत्निका श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी।