46वें उर्स-ए-नूरी का पोस्टर जारी, 29 जून को होगा आयोजन

दरगाह आला हजरत में 46वें उर्स-ए-नूरी का पोस्टर जारी किया गया। 29 जून को दरगाह ताजुश्शरिया पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के साथ उर्स मनाया जाएगा।

46वें उर्स-ए-नूरी का पोस्टर जारी, 29 जून को होगा आयोजन
HIGHLIGHTS:

• 46वें उर्स-ए-नूरी का पोस्टर दरगाह आला हजरत में जारी किया गया।

• 29 जून को दरगाह ताजुश्शरिया पर एक रोज़ा उर्स का आयोजन होगा।

• कुरानख्वानी, तकरीर, लंगर और कुल शरीफ की रस्म कार्यक्रम का हिस्सा रहेंगी।

जन माध्यम
बरेली।
आला हजरत इमाम अहमद रज़ा खां फाजिले बरेलवी के छोटे साहबजादे और मुफ्ती-ए-आजम हिंद मुस्तफा रज़ा खां के 46वें उर्स-ए-नूरी का पोस्टर बुधवार को जारी किया गया। पोस्टर का विमोचन जमात रज़ा-ए-मुस्तफा की ओर से दरगाह आला हजरत स्थित मुख्यालय में आयोजित बैठक के दौरान किया गया।

जमात रज़ा-ए-मुस्तफा के पदाधिकारियों ने बताया कि एक रोज़ा उर्स-ए-नूरी का आयोजन 29 जून को दरगाह ताजुश्शरिया में किया जाएगा। कार्यक्रम काज़ी-ए-हिंदुस्तान मुफ्ती मोहम्मद असजद रज़ा खां कादरी की सरपरस्ती में होगा। वहीं जमात रज़ा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलमान मियां इसकी सदारत करेंगे तथा राष्ट्रीय महासचिव फरमान मियां निगरानी की जिम्मेदारी संभालेंगे।

पूर्व प्रवक्ता समरान खान ने बताया कि उर्स की शुरुआत फज्र की नमाज के बाद कुरानख्वानी से होगी। दिनभर जायरीन की हाजिरी का सिलसिला जारी रहेगा और श्रद्धालुओं के लिए लंगर का भी इंतजाम किया जाएगा।

मुख्य कार्यक्रम नमाज-ए-ईशा के बाद आयोजित होगा, जिसमें देश और विदेश से आने वाले उलमा-ए-इकराम, सज्जादगान और धार्मिक विद्वान अपने विचार रखेंगे। देर रात 1 बजकर 40 मिनट पर मुफ्ती-ए-आजम हिंद के 46वें कुल शरीफ की रस्म अदा की जाएगी, जिसके साथ उर्स का समापन होगा।

उर्स की तैयारियों को लेकर आयोजित बैठक में मौलाना शम्स, मौलाना आबिद नूरी, मौलाना सैयद अजीमुद्दीन अजहरी, मोईन खान, हाफिज इकराम रज़ा खां, डॉ. मेंहदी हसन, शमीम अहमद, कौसर अली, यासीन खान, अब्दुल्लाह रज़ा खां, मोईन अख्तर, सैयद सैफ रज़ा कादरी, बख्तियार खां, शाहिबुद्दीन रजवी, असलम खान एडवोकेट, राशिद खान समेत कई लोग मौजूद रहे।